कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जहांगीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत कुरांव में स्थित पंचायत भवन बुधवार को बंद मिला, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत भवन पर अक्सर ताला लटका रहता है, जिसके कारण ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन गांव में प्रशासनिक एवं विकास कार्यों का प्रमुख केंद्र है। यहां जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं की जानकारी, पेंशन संबंधी कार्य तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों से जुड़े कार्य संपादित किए जाते हैं। वर्तमान समय में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया तेज होने के कारण बड़ी संख्या में लोग पंचायत भवन का रुख कर रहे हैं। वहीं वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों के लिए भी ग्रामीणों को पंचायत भवन पर निर्भर रहना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पंचायत भवन बंद रहने से उन्हें बार-बार लौटना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पंचायत भवन पर तैनात पंचायत सहायक का मानदेय एवं भवन के संचालन से संबंधित खर्च सरकारी मद से वहन किया जाता है, ऐसे में भवन का नियमित रूप से संचालित होना आवश्यक है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि पंचायत भवन किस कारण बंद था या पंचायत सहायक उस समय किसी अन्य शासकीय कार्य में व्यस्त थे। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी, जहांगीरगंज से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन नॉट रीचेबल मिला।
