आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए राशन कार्डों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, उचित दर दुकानों की स्थिति, अन्नपूर्णा भवन निर्माण, सिंगल स्टेज डिलीवरी, उज्ज्वला योजना तथा आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने रिक्त पड़ी उचित दर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निलंबित दुकानों से संबद्ध लाभार्थियों को वैकल्पिक दुकानों के माध्यम से समय पर और बिना किसी असुविधा के राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को नियमित रूप से उचित दर दुकानों का निरीक्षण करने और प्रवर्तन अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही एफसीआई और परिवहन एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समय पर खाद्यान्न उठान तथा जियोफेंस की सीमा के भीतर ही वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों और मॉडल शॉप के कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक भूमि का चयन नहीं हुआ है, वहां जल्द उपयुक्त भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, एफसीआई एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधि, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक, उचित दर विक्रेता संघ के पदाधिकारी तथा परिवहन ठेकेदार मौजूद रहे।
