आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। विकासखंड सिरकोनी के प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव में कक्षा-2 के एक छात्र के विद्यालय की कक्षा में बंद रह जाने की घटना को शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने मामले में संबंधित सहायक अध्यापिका श्रीमती कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बीईओ सिरकोनी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा-2 का छात्र विपिन निषाद विद्यालय की कक्षा के अंदर बंद रह गया है। सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में प्रथम दृष्टया यह तथ्य सही पाया गया कि छात्र कक्षा के अंदर बंद रह गया था।
घटना सामने आने के बाद छात्र के परिजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित सहायक अध्यापिका को निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान श्रीमती कृष्णा कुमारी को उच्च प्राथमिक विद्यालय, परियांव (सिरकोनी) से संबद्ध किया गया है। बीएसए ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि जांच में दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
