कार्रवाई करने के बजाए पुलिस बाइक रैली को निर्बाध आगे बढ़ाने में रही मस्त
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर में बुधवार को सत्ता के प्रभाव के आगे कानून बौना नजर आया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर निकाली गई बाइक रैली में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती रहीं, लेकिन मौके पर मौजूद यातायात पुलिस और सदर कोतवाली पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
रैली में शामिल दर्जनों बाइक सवार बिना हेलमेट और एक बाइक पर तीन-तीन लोगों को बैठाकर शहर की सड़कों पर नारेबाजी करते हुए बेखौफ घूमते रहे। यह सब पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में होता रहा, मगर किसी ने ट्रैफिक नियमों के उलंघन में वाहन को रोकने या उसका चालान करने की जहमत तक नहीं उठाई। उल्टे पुलिसकर्मी रैली को निर्बाध आगे बढ़ाने में जुटे रहे। विडंबना यह है कि यही पुलिस आम दिनों में किसी मजदूर, किसान, छात्र या नौकरीपेशा व्यक्ति के बिना हेलमेट मिलते ही तत्काल ई-चालान काट देती है, लेकिन सत्ता से जुड़े लोगों की बारी आई तो कानून की सख्ती महज कागजों के पन्नों में सिमट कर रह गई। शहर में दिनभर इस दोहरे रवैये की चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि यदि यही नियम तोड़ने वाला कोई आम नागरिक होता तो पुलिस कार्रवाई में देर नहीं लगाती। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या यातायात नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं। क्या राजनीतिक रैलियों में कानून की कोई अहमियत नहीं रहती। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से इस पर हस्तक्षेप की मांग किया है। उधर नगर में बगैर हेलमेट पहने बाइकों पर निकले भाजपा कार्यकर्ता, बाइक रैली के दौरान लगे जाम व बगैर परमिशन के लगाए गए बैनर-पोस्टर को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय ने कड़ी आपत्ति जतायी है। उन्होंने कहा कि भाजपाई सारे नियम कानूनों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। शहर में यदि कोई व्यक्ति किसी जरूरी कार्य से बगैर हेलमेट लगाए बाइक से निकलता है तो यातायात पुलिस उनकी बाइक का ई-चालान काट देती है, मगर वहीं भाजपाईयों द्वारा निकाली गई बाइक रैली में अधिकांश लोग बगैर हेलमेट पहने नजर आए, यातायात पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की।
.jpeg)