देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) तहसील लालगंज परिसर में शनिवार को एक गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संग्रह अमीन एवं तहसील अमीन संघ के अध्यक्ष प्रेम नारायण सिंह तथा संग्रह सेवक स्वामीनाथ तिवारी को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने की, जबकि संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष अमीन संघ हरिहर सिंह ने किया। समारोह में तहसीलदार उमेश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने कहा कि सरकारी सेवा में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने सम्मानित दोनों कर्मचारियों के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। तहसीलदार उमेश सिंह ने कहा कि प्रेम नारायण सिंह और स्वामीनाथ तिवारी ने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली और अनुभव से विभाग को हमेशा लाभ मिलता रहा, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज ने दोनों कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में ऐसे कर्मठ कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की मंगल कामना की। इस अवसर पर नायब तहसीलदार गौरव सिंह एवं कनक सिंह, अधिवक्ता नागेंद्र सिंह, प्रसिद्ध नारायण सिंह एडवोकेट, नीरज मिश्रा एडवोकेट, हरिद्वार सिंह, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या अनुराधा गौतम, पंचदेव सिंह, गरीब तिवारी, राज नारायण यादव, संजय सिंह, मिश्री राम, गोरख राम, शिवधनी राम, भीम यादव, शिवपूजन यादव, सत्य प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में राजस्व विभाग के कर्मचारी, अधिवक्ता, जन प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित कर्मचारियों ने सम्मानित दोनों अधिकारियों को स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएं भेंट करते हुए उनके योगदान की सराहना की। पूरे कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुक विदाई के भाव से ओत-प्रोत रहा
लालगंज तहसील में सम्मान समारोह आयोजित संग्रह अमीन प्रेम नारायण सिंह व संग्रह सेवक स्वामीनाथ तिवारी को भावभीनी विदाई
जुलाई 31, 2026
0
Tags
