देवल संवाददाता, मऊ। जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC),आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) एवं विमुक्त,घुमंतू एवं अर्धघुमंतू जनजाति (DNT) के विद्यार्थियों के लिए टॉप क्लास एजुकेशन कॉलेज स्कॉलरशिप योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर ऑनलाइन आवेदन एवं सत्यापन की समय-सारिणी निर्धारित की गई है। विद्यार्थी 01 जून 2026 से 31 अगस्त 2026 तक नवीन एवं नवीनीकरण दोनों श्रेणियों में आवेदन कर सकते हैं। शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन पत्रों का सत्यापन 15 सितम्बर 2026 तक तथा मंत्रालय स्तर पर अंतिम सत्यापन 30 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा।जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के समस्त राजकीय,अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए पात्र छात्र-छात्राओं को समयबद्ध रूप से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित करें,ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को भारत सरकार की इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
