आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पवित्र सावन माह के आगमन के साथ ही जौनपुर के बाजारों में रौनक लौट आई है। शिवभक्त बड़ी संख्या में बाजारों का रुख कर रहे हैं और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री के साथ-साथ नए कपड़े, पूजा के वस्त्र, गमछा, बेलपत्र की टोकरी, रुद्राक्ष की माला, कांवर यात्रा से संबंधित सामान तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। इससे शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर चहल-पहल का माहौल बना हुआ है।
कपड़ा, रेडीमेड, पूजा सामग्री और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि सावन शुरू होते ही बिक्री में तेजी आई है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। वहीं कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई दुकानों पर विशेष छूट और नए डिजाइनों के वस्त्र भी उपलब्ध कराए गए हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने के साथ परिवार के लिए भी नए वस्त्र और घरेलू सामान खरीद रहे हैं। सावन के धार्मिक उत्साह ने न केवल बाजारों में रौनक बढ़ाई है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी लौटा दी है। आने वाले सोमवार और विशेष शिव पूजा के दिनों को देखते हुए बाजारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
