आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में गुरुवार को जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, मतापुर में माटीकला से जुड़े कारीगरों एवं प्रजापति समाज के लोगों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक कारीगरों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि माटीकला से जुड़े लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने रोजगार को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं भी दीं।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सतीष चन्द्र गुप्ता ने उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों की आय बढ़ाना, उन्हें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ना है। वहीं उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक ने उद्योग विभाग की स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी और युवाओं को रोजगार सृजन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश ने किया। अंत में मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, माटीकला कारीगर तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
.jpeg)