आमिर, देवल ब्यूरो ,त्रिलोचन । जौनपुर श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात प्रबंधन से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर परिसर और आसपास सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत राज विभाग और संबंधित विकास खंड अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्गों की मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
