आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जौनपुर जनपद ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए जून 2026 में निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक सोलर इंस्टालेशन कर प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जून 2026 तक जनपद में कुल 5044 सोलर रूफटॉप इंस्टालेशन पूरे किए जा चुके हैं। जून माह के लिए 600 इंस्टालेशन का लक्ष्य निर्धारित था, जबकि विभाग ने 780 इंस्टालेशन कराकर 130 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। बेहतर प्रदर्शन के चलते जौनपुर को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर ‘ए’ श्रेणी प्राप्त हुई है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंक और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से जुड़े सभी लंबित मामलों की अद्यतन रिपोर्ट 9 जुलाई तक उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के खंड-2 और खंड-4 के अधिकारियों को नेट मीटर कॉन्फिगरेशन तथा लंबित निरीक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में डिफॉल्टर सोलर वेंडरों के विरुद्ध राजस्व वसूली (आरसी) जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने बकाया बिजली बिल का समय से भुगतान करें, ताकि निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान की राशि बिना किसी विलंब के उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, विद्युत विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा पंजीकृत सोलर वेंडर मौजूद रहे।
