आमिर, देवल ब्यूरो ,बदलापुर । जौनपुर जिले में बिना मानकों के संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बदलापुर क्षेत्र के तीन निजी अस्पतालों की औचक जांच की गई। कार्रवाई के दौरान एक अस्पताल को सील कर दिया गया, जबकि दूसरे को नोटिस जारी किया गया। वहीं तीसरा अस्पताल जांच टीम के पहुंचने पर बंद मिला।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले मानस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को सुरक्षित रूप से दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कराया गया, ताकि उनके उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इसके बाद टीम ने विमला हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहां आवश्यक दस्तावेजों और व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय के भीतर जवाब और अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
वहीं वैष्णो हॉस्पिटल की जांच के लिए पहुंची टीम को अस्पताल बंद मिला। बताया गया कि अस्पताल संचालक मौके पर मौजूद नहीं था। अब स्वास्थ्य विभाग अस्पताल के पंजीकरण और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में संचालित निजी अस्पतालों के पंजीकरण, चिकित्सीय सुविधाओं, उपकरणों और अन्य आवश्यक मानकों की लगातार जांच की जा रही है। बिना मानकों के संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले अस्पताल संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)