आमिर, देवल ब्यूरो ,मड़ियाहूं । जौनपुर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव के टुकड़े अलग-अलग स्थानों पर फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने घटना के लगभग 14 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू और गड़ासा, मृतका के शेष अंग, मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को रानीपुर बाईपास (भदोही मार्ग) के समीप झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त व जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं तथा प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह के नेतृत्व में कई टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई थीं।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल संदिग्ध रामनगर ब्लॉक गेट की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर आरोपी भागने लगा और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42 वर्ष) पुत्र भूपेंद्र भाई खखरिया, स्थायी निवासी भावनगर (गुजरात) तथा वर्तमान निवासी टीचर्स कॉलोनी, कस्बा एवं थाना मड़ियाहूं, जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 4 जुलाई को मृतका रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर (वाराणसी) से अपने किराये के कमरे पर लेकर आया था। वहां मोबाइल फोन की चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने चाकू से गला रेतकर महिला की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव की पहचान छिपाने के उद्देश्य से बाजार से काली पॉलिथीन खरीदी और गड़ासे से शव के हाथ-पैर काटकर उसे तीन हिस्सों में बांट दिया। इसके बाद धड़ को रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि पैर और अन्य अंग रामनगर ब्लॉक मोड़ के आगे पुलिया के पास फेंक दिए।
पुलिस का दावा है कि जब आरोपी को पता चला कि शव की पहचान और पुलिस जांच शुरू हो गई है, तो वह बचे हुए अंगों को दूसरी जगह ले जाने की तैयारी में था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे घेर लिया और मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
.jpeg)