विद्यालय में सचल बस प्रदर्शनी ने छात्रों में जगाई वैज्ञानिक जिज्ञासा
आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर (जौनपुर):ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को विज्ञान की आधुनिक तकनीक और नवाचारों से रूबरू कराने के उद्देश्य से बयालसी इंटर कॉलेज में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की सचल विज्ञान प्रदर्शनी का दो दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रदर्शनी ने न केवल छात्रों का मनोरंजन किया, बल्कि उन्हें विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को सरल और व्यावहारिक रूप में समझने का सुनहरा अवसर भी प्रदान किया।संस्कृति मंत्रालय की ओर से आई विशेष विज्ञान बस छात्रों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस बस में दैनिक जीवन में मशीनें विषय पर आधारित कई स्वचालित एवं हस्त-चलित वर्किंग मॉडल प्रदर्शित किए गए थे। इन मॉडलों के माध्यम से छात्रों ने देखा कि कैसे भौतिक विज्ञान के साधारण नियम हमारी रोजमर्रा की मशीनों को संचालित करते हैं।प्रदर्शनी के दूसरे दिन विद्यालय के कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विज्ञान बस का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने छात्रों को गियर, लीवर, पुली और अन्य यांत्रिक प्रणालियों के कार्य करने के सिद्धांतों को गहराई से समझाया। छात्रों ने स्वयं कई मॉडलों को संचालित करके देखा, जिससे उन्हें मशीनों के पीछे छिपे 'वर्किंग मैकेनिज्म' को समझने में आसानी हुई।
आयोजन के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ शैलेंद्र कुमार सिंह के संस्कृति मंत्रालय का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन की इच्छा जताई।
