आमिर, देवल ब्यूरो ,गोरखपुर/जौनपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रख्यात समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने गोरखपुर पहुंचकर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए जौनपुरवासियों की ओर से उनका आभार भी व्यक्त किया।
पत्रकारों से बातचीत में ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि गुरु का आशीर्वाद व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, आत्मविश्वास और सही दिशा प्रदान करता है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आशीर्वाद उन्हें समाज सेवा और जनहित के कार्यों में नई ऊर्जा एवं प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और जौनपुर के समग्र विकास के संकल्प के साथ उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा है। मुख्यमंत्री से प्राप्त आशीर्वाद उनके इस संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सादगी, सहजता, अनुशासन और सहयोग की भावना उन्हें हमेशा प्रेरित करती रही है और वे इन्हीं मूल्यों को अपनाकर जनता के बीच कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं।
ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, संगठित अपराध और माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है तथा प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल बना है। साथ ही एक्सप्रेसवे, हाईवे और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति मिली है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि जौनपुर में भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और लंबे समय से लंबित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने जौनपुर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और "उत्तम प्रदेश" बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
