आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्थानीय चौराहा स्थित चंद्रकेश्वर महादेव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में गुरुवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) अरविंद कुमार यादव के निर्देश पर ग्राम पंचायत के सफाई कर्मचारियों द्वारा संचालित किया गया।
बताया गया कि मंदिर परिसर में फैली गंदगी और साफ-सफाई की समस्या को लेकर स्थानीय संस्था की ओर से बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सफाई कराने की मांग की गई थी। मांग को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद गुरुवार सुबह सफाई कर्मियों की टीम ने मंदिर प्रांगण, प्रवेश मार्ग तथा आसपास के क्षेत्रों की व्यापक सफाई की। अभियान के दौरान कूड़ा-कचरा हटाया गया और परिसर को स्वच्छ बनाया गया, जिससे सावन में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सफाई अभियान में सफाई कर्मचारी सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, राम श्रृंगार, कालिदास, संजय मौर्य, अनिल तिवारी, मुन्ना, रामनरेश यादव, उपेंद्र, संतोष और सोहन पासवान सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने की मांग की।
