आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने मछलीशहर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय को सौंपा। संगठन ने कृषि से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
भाकियू के जिला अध्यक्ष राजनाथ यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार से उनसे वार्ता कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई। किसान नेताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई मांगों का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए।
ज्ञापन में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति मुंगराबादशाहपुर में किसानों के लिए बनाए गए शेड को व्यापारियों एवं आढ़तियों के कथित कब्जे से मुक्त कराने की भी मांग की गई। संगठन का कहना था कि किसानों की सुविधा के लिए निर्मित स्थानों का उपयोग केवल किसानों के हित में होना चाहिए।
किसान नेताओं ने साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि खरीफ सीजन में खाद की कमी के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही धान की रोपाई के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई, ताकि सिंचाई कार्य प्रभावित न हो।
भारतीय किसान यूनियन ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इस अवसर पर मंडलीय प्रभारी राकेश चंद मौर्य, सुनील कुमार यादव, प्रेमराज मिश्रा, अमरनाथ यादव, पूजा देवी, मोहम्मद मुख्तार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।
