देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आमजन को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी एवं कलेक्शन सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज एवं घोरावल क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण टीम ने विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के पंजीकरण, संचालन संबंधी अभिलेख, चिकित्सकीय सुविधाओं, ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था एवं निर्धारित मानकों की जांच की। जांच के दौरान कई संस्थानों में नियमों की अनदेखी एवं आवश्यक अभिलेखों की कमी पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों को सीज कर दिया। अभियान के दौरान कलावती क्लीनिक घोरावल, विश्वास हॉस्पिटल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल एवं सम्राट हॉस्पिटल घोरावल के ओपीडी एवं ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को सीज किया गया। इसके अलावा गुड हेल्थ हॉस्पिटल एवं सीटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) पर भी सीज की कार्रवाई की गई।वहीं, निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर धनवंतरी हॉस्पिटल छपका, आशीर्वाद हॉस्पिटल छपका, कृष्णा हॉस्पिटल, न्यू यथार्थ हॉस्पिटल उरमौरा, ओम हॉस्पिटल उरमौरा तथा ओम हॉस्पिटल एवं सर्जिकल सेंटर, रोडवेज बस स्टैंड रॉबर्ट्सगंज को नोटिस जारी किया गया है। संबंधित संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण देने और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पैथोलॉजी सेंटरों पर भी हुई कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पतालों के साथ-साथ पैथोलॉजी एवं कलेक्शन सेंटरों की भी जांच की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर न्यू अंशिका पैथोलॉजी, डॉ. लाल पैथोलॉजी (शाहगंज एवं घोरावल) तथा निशान हॉस्पिटल के सामने संचालित पैथोलॉजी, रॉबर्ट्सगंज को सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त लाइफ लाइन हॉस्पिटल, उरमौरा रॉबर्ट्सगंज के विरुद्ध भी सीज की कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से बिना मानकों के संचालित चिकित्सा संस्थानों में हड़कंप मचा रहा। बिना मानक संचालित संस्थानों पर जारी रहेगा अभियान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में बिना मानक एवं बिना वैध पंजीकरण के संचालित चिकित्सीय संस्थानों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इलाज कराने से पहले अस्पताल एवं पैथोलॉजी सेंटर की वैधता और पंजीकरण की जानकारी अवश्य लें। केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त संस्थानों से ही चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करें, ताकि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।
डीएम चर्चित गौड़ के निर्देश पर बड़ा एक्शन, नियम विरुद्ध संचालित अस्पतालों व पैथोलॉजी सेंटरों पर गिरी गाज
जुलाई 30, 2026
0
Tags
