कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं विद्यालयों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता, जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से आमजन एवं छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों की रोकथाम, बचाव तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए सड़कों एवं नालियों की सफाई कराई गई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सुथरे परिवेश को बनाए रखने के लिए लोगो को जागरूक एवं प्रेरित किया गया। विद्यालयों में संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम विषयक जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, निबंध प्रतियोगिता, संवाद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों से बचाव तथा इन संदेशों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें, साफ पेयजल का उपयोग करें तथा संचारी रोग के प्रति सजग रहें।
.jpeg)
