देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में झारो खुर्द रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का कई दिन पुराना सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे झारो खुर्द रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा में रेलवे पुल के आगे पोल संख्या-2 के पास ट्रैक नंबर-1 के किनारे बकरी चरा रहे ग्रामीणों को तेज दुर्गध महसूस हुई। संदेह होने पर जब वे झाड़ियों की ओर पहुंचे तो वहां करीब 30 वर्षीय युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका था। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को झाडियों से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की हालत अत्यधिक खराब होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। मृतक का चेहरा क्षत-विक्षत हो चुका था तथा शरीर का अधिकांश हिस्सा सड़ चुका था। पुलिस के अनुसार, मृतक ने काले रंग की शर्ट और हल्के रंग की जींस पहन रखी थी। घटनास्थल से कोई मोबाइल फोन, पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान आसान हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
.jpg)