महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ विद्यार्थियों को मिलेगा स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने तहसील टांडा के नाऊसांडा एवं बरुआ जलाकी स्थित समाज कल्याण विभाग के अनुसूचित जाति छात्रावास परिसर में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं स्थायी आजीविका से जोड़ने की दिशा में यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में समूहों द्वारा संचालित कैंटीन से एक ओर छात्र-छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होगा, वहीं दूसरी ओर समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि होने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में ऐसे प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।
उद्घाटन के उपरांत जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने नाऊसांडा छात्रावास की कैंटीन का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास के बच्चों के साथ भोजन भी किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने समूह की महिलाओं को स्वच्छता, गुणवत्ता एवं बेहतर सेवा सुनिश्चित करते हुए इस पहल को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण कर बच्चों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, डिप्टी कमिश्नर (एनआरएलएम), जिला मिशन प्रबंधक (डीएमएम), खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक विकास अधिकारी (एडीओ), ब्लॉक मिशन प्रबंधक (बीएमएम) सहित समाज कल्याण एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
