देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रथम सोनभद्र आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। हिन्दुआरी तिराहे से शुरू हुआ स्वागत जुलूस चंडी तिराहा, शीतला माता मंदिर, स्वर्ण जयंती चौक और पं. दीनदयाल उपाध्याय पुसौली गेट होते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंचा। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और कर्मा नृत्य के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं,जिला कार्यसमिति एवं प्रबुद्ध वर्ग के साथ अलग-अलग बैठकों का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंदलाल ने की तथा संचालन जिला महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया। जिलाध्यक्ष ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इसके बाद लोढ़ी स्थित सर्किट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से भी संवाद किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रामशकल, नरेंद्र कुशवाहा, पूर्व विधायक तीरथराज, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpg)