कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।उपाध्यक्ष, राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश अपर्णा यादव ने अध्यक्ष जिला पंचायत श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल के साथ जिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर एवं पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने सर्वप्रथम वन स्टॉप सेंटर का अवलोकन किया तथा वहां रह रही पीड़ित महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं को शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केंद्र में 10 बच्चे भर्ती पाए गए। माननीय उपाध्यक्ष ने बच्चों के तीमारदारों से वार्ता कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि घर में उपलब्ध साग-सब्जी, दाल, जौ एवं चने की रोटी, सत्तू सहित अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने साफ सफाई पर नियमित विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एनआरसी से घर लौटने के बाद भी बच्चों की नियमित देखभाल की जाए तथा उन्हें निरंतर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि कुपोषण की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बच्चों के परिजनों से अपील की कि चिकित्सकों द्वारा निर्धारित 14 दिवसीय उपचार अवधि तक बच्चों को एनआरसी में अवश्य रखें, जिससे उनका समुचित उपचार एवं पोषण सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भर्ती बच्चों को फलों की टोकरी एवं बेबीकिट वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं चिकित्सकगण भी उपस्थित रहे।
