आमिर, देवल ब्यूरो ,खुटहन । जौनपुर खुटहन थाना क्षेत्र के ताजूपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में नहर में नहाने उतरे 20 वर्षीय मूक-बधिर युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब नौ घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद गोताखोरों ने उसका शव बरामद किया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने खुटहन-खेतासराय मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। शव मिलने के बाद जाम समाप्त कर दिया गया और यातायात सामान्य हो सका।
जानकारी के अनुसार ताजूपुर निवासी राजन गौतम, जो बचपन से ही मूक-बधिर था, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मरहट नहर पुलिया के पास घूमने गया था। भीषण गर्मी और उमस के चलते वह नहर में नहाने के लिए उतर गया। इसी दौरान तेज बहाव में वह संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में समा गया।
राहगीरों ने युवक को डूबता देख शोर मचाया, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था। सूचना मिलते ही उसके पिता राधेश्याम, माता मीरा देवी, दादा हितलाल और छोटे भाई रवि समेत अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया।
कई घंटे तक युवक का पता नहीं चलने पर नहर का पानी बंद कराने की मांग उठी। ग्रामीणों का आरोप था कि समय रहते पानी बंद नहीं किए जाने से रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसके विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने खुटहन-खेतासराय मार्ग जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नहर का पानी तत्काल बंद कराने की मांग की।
शाम करीब 4:30 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर नहर में गोताखोरों ने राजन का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
.jpeg)