देवल संवाददाता, आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के लगभग पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को कस्बा जहानागंज के नयापुरा मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान मो. अनस उर्फ राजू ने अपने बड़े भाई दिलशेर अहमद पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी सुमैया अख्तरी की तहरीर पर जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए जहानागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करहा मार्ग स्थित पुनर्जी पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी मो. अनस उर्फ राजू (24) पुत्र स्वर्गीय इम्तियाज निवासी नयापुरा, कस्बा जहानागंज को 30 जून की रात 11:24 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बड़ा भाई करीब दो वर्ष दुबई में रहने के बाद लगभग 15 दिन पहले घर लौटा था। घर के खर्च को लेकर उसकी मां और बड़े भाई के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पास में रखा चाकू उठाकर भाई पर कई वार कर दिए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, कांस्टेबल गोविन्द सिंह, अमित कुमार तथा महिला आरक्षी अवन्तिका तिवारी शामिल रहीं।
