देवल संवाददाता, बूढ़नपुर। तहसील सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 139 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
मारकंडे गांव निवासी मैथ गोविंद ने बताया कि वर्ष 2024 से वह लगातार तहसील दिवस सहित अन्य माध्यमों से चकमार्ग पर हुए अवैध कब्जे को हटाने के लिए शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि हल्का लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट लगाई जा रही है, जिसके कारण उनके खेत की जुताई-बुवाई प्रभावित हो रही है।
वहीं उसरी गांव निवासी राममिलन ने भी चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए कहा कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
बलराम यादव ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा की नाली पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
अधिवक्ता सूर्य प्रकाश यादव ने तहसील परिसर में बने ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, उप जिलाधिकारी अभय पांडेय, तहसीलदार शैलेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
