आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को निर्माणाधीन एनएच-135ए (पैकेज-2) जौनपुर-शाहगंज मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण, किसानों को मुआवजा भुगतान तथा विभिन्न विभागों से लंबित स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी और अयोध्या को जोड़ने वाला यह राष्ट्रीय राजमार्ग पूर्वांचल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके पूर्ण होने से जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुगम यातायात सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सड़क निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी मापदंडों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि आम जनता को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट ने निरीक्षण के दौरान बताया कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण मद में निर्धारित 261 करोड़ रुपये के सापेक्ष अब तक 236 करोड़ रुपये किसानों के खातों में मुआवजे के रूप में भेजे जा चुके हैं। शेष किसानों को भुगतान और अन्य आवश्यक राजस्व औपचारिकताओं की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि निर्माण कार्य किसी भी स्तर पर बाधित न हो। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित कार्यदायी संस्था एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
