आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागवार लक्ष्य, पौधरोपण स्थलों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की खुदाई, जियो टैगिंग और पौधों के संरक्षण की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 12 जुलाई को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अभियान के लिए जौनपुर को 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने आवंटित लक्ष्य के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित अधिक लक्ष्य वाले विभागों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि पौधरोपण से पहले सभी स्थलों का सत्यापन, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, उठान, सिंचाई और जियो टैगिंग की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। अभियान की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी है। इसलिए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन विभाग को नोडल विभाग के रूप में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पौधरोपण के बाद प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग, फोटोग्राफी और प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अभियान की प्रभावी समीक्षा कर पौधों के संरक्षण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।
.jpeg)