जनसुनवाई में लापरवाही बरतने पर हुई कार्रवाई, दो दिन में देना होगा जवाब
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनसुनवाई में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने 11 अधिकारियों को दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया है। डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि तय समय सीमा के भीतर जवाब न देने पर लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएम चर्चित गौड़ ने सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित जनसुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा किया। इस दौरान 11 जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों में मुख्य चिकित्साधिकारी, ज्येष्ठ खान अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, सहायक महानिरीक्षक निबंधन, सहायक निदेशक रेशम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध करने के निर्देश देते हुए दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। डीएम ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित करें, साथ ही जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों की भी निर्धारित समय में जनसुनवाई एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, ताकि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण किया जा सके।
