अमेरिका और ईरान के बीच दो महीने के लिए युद्ध समझौता हो चुका है। लेकिन इस युद्ध को हमेशा के लिए रोकने के लिए अभी अमेरिका और ईरान के बीच फाइनल बातचीत होनी बाकी है।
मिडिल ईस्ट में चले युद्ध का हल निकालने के लिए अमेरिका और ईरान के नेता स्विट्जरलैंड पहुंच गए हैं। जेनेवा में दोनों देशों के नेताओं के बीच सीजफायर को लेकर आगे की बातचीत हुई।
जेनेवा में हुई US-Iran के बीच बातचीत
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने आज रविवार, 21 जून को स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट में पाकिस्तानी मध्यस्थ टीम के साथ बैठक की।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से हाथ मिलाते देखा गया।
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि तेहरान की वार्ता टीम में संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अरागची के साथ-साथ ईरान के केंद्रीय बैंक और तेल मंत्रालय के अधिकारी शामिल हैं।
हालांकि तकनीकी स्तर की बातचीत मूल रूप से शुक्रवार को शुरू होनी थी, लेकिन इसमें अचानक देरी हुई। इसका मुख्य कारण इजरायल और लेबनान के बीच हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना थी, जिससे राजनयिक समय-सीमा के पटरी से उतरने का खतरा पैदा हो गया था।
अमेरिका-ईरान के बीच ये बातचीत 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत हो रही है, जिसे 17 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजश्कियान ने अंतिम रूप दिया था।
