देवल संवाददाता,आजमगढ़। आजमगढ़ जिला समेत पूर्वांचल के कई जिलों में आतंक का पर्याय बन चुके एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भानू प्रताप सिंह उर्फ बब्लू सिंह को एसटीएफ प्रयागराज और अयोध्या पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भानू प्रताप सिंह पुत्र मानसिंह निवासी विधानापार थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, मऊ, अंबेडकरनगर और बस्ती समेत कई जनपदों में हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और संगठित अपराधों के कुल 34 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार वह थाना मुबारकपुर के चर्चित हत्या कांड (मु0अ0सं0 460/2025) में वांछित था। आरोप है कि उसने सुपारी लेकर पिपरापुर निवासी दुधिया पृथ्वीराज यादव की हत्या कराई थी। इसके अलावा वह लूट, डकैती और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया। इसके बाद एडीजी वाराणसी जोन ने 2 जून 2026 को इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी। इसके अतिरिक्त अंबेडकरनगर से 50 हजार रुपये और गोरखपुर से 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
भानू प्रताप सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, बिजली चोरी, अपहरण और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2011 से लेकर 2025 तक उसका आपराधिक नेटवर्क कई जिलों में फैला हुआ था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में विभिन्न एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही थीं। उसकी मौत के साथ कई गंभीर मामलों की जांच और अपराध जगत से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
