देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के थाना रानी की सराय पुलिस ने अर्द्धसैनिक बल में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर युवाओं को सरकारी एवं अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले वांछित अभियुक्त मुन्ना शर्मा को जनपद मऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 20 मई को पंकज यादव निवासी अंधौरी, थाना रानी की सराय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्तियों ने अर्द्धसैनिक बल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे धोखाधड़ी की है। मामले में थाना रानी की सराय पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मुन्ना शर्मा (48 वर्ष) पुत्र विक्रमा शर्मा निवासी पिपराकला, थाना खजुरी, जनपद बलिया को सोमवार सुबह करीब 8:36 बजे मोहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन गुमटी के पास, जनपद मऊ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से धन उगाही करता था और इसके लिए कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लिया जाता था। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी असम के कामरूप (मेट्रो) जिले के पलटन बाजार थाने में जालसाजी और कूटरचना से संबंधित मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुशील कुमार, आरक्षी लक्ष्मीकांत शुक्ला, अनुराग चौबे तथा दीपक गुप्ता शामिल रहे। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
अर्द्धसैनिक बल में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार
जून 08, 2026
0
Tags
