देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कप्तानगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित रूप से संचालित गांजा तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 41 किलो 170 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना कप्तानगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेवादा चकधनवा स्थित एक मकान में भारी मात्रा में गांजा रखा गया है तथा वहां गांजा की पैकिंग और बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके पर तीन व्यक्ति गांजा की पैकिंग करते हुए मिले। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और मौके से कुल 41 किलो 170 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गणेश चौबे (50 वर्ष) निवासी नेवादा चकधनवा थाना कप्तानगंज, अजय यादव (38 वर्ष) निवासी चक लालचन्द थाना जीयनपुर तथा महेन्द्र यादव (58 वर्ष) निवासी रीवा सुल्तानपुर दुर्वाशा थाना फूलपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गणेश चौबे और अजय यादव के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कप्तानगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
