आमिर, देवल ब्यूरो ,सिकरारा, जौनपुर। सिकरारा ब्लॉक प्रमुख पद के प्रबल दावेदार एवं ग्राम सभा लखेश्वर निवासी गया राम तिवारी ने विकासखंड के समग्र विकास और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सम्मान को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यदि उन्हें क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन और अवसर मिला तो विकास कार्यों को नई गति प्रदान की जाएगी।
गया राम तिवारी ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण करने और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से मुलाकात के बाद कहा कि विकासखंड के कई क्षेत्रों में अभी भी अनेक मूलभूत समस्याएं मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने उनसे बातचीत के दौरान विकास कार्यों में उपेक्षा और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की शिकायतें साझा की हैं।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख चुने जाने पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। आजादी के बाद से जो योजनाएं और कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें चिन्हित कर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उनका उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम जनता तक उसका लाभ पहुंचाना होगा।
गया राम तिवारी ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य विकासखंड की विकास प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए उन्हें केवल औपचारिक भूमिका तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सम्मान और सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने भरोसा जताया कि यदि उन्हें नेतृत्व करने का अवसर मिला तो विकासखंड के प्रत्येक गांव में सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
गया राम तिवारी ने कहा कि उनका लक्ष्य राजनीति नहीं, बल्कि विकास और जनसेवा है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से सिकरारा विकासखंड को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जनता के सहयोग से विकासखंड के हर गांव में विकास की नई रफ्तार दिखाई देगी तथा क्षेत्र को एक आदर्श विकासखंड के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।
