आमिर, देवल ब्यूरो ,सरायख्वाजा ।जौनपुर चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी ईशा चौहान ने अपने पति अविनाश चौहान को मामले में निर्दोष बताते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर सीबीआई जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते उनके पति को साजिशन इस मामले में फंसाया जा रहा है।
ईशा चौहान ने कहा कि घटना के समय उनके पति घर पर मौजूद थे, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। इसके बावजूद उन्हें हत्याकांड में आरोपी बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मृतक दूल्हे की बहन सौम्या ने अपने प्रारंभिक बयान में अविनाश चौहान का नाम नहीं लिया था, लेकिन बाद में दबाव में आकर उनका नाम शामिल कराया गया।
पीड़िता का आरोप है कि गांव की राजनीतिक और चुनावी प्रतिद्वंद्विता के कारण उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी, विशेषकर सीबीआई से कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी और निर्दोष लोगों को न्याय मिलेगा।
वहीं अविनाश चौहान की बहन ने भी मीडिया से बातचीत में अपने भाई को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। परिवार का कहना है कि वे जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं और निष्पक्ष जांच चाहते हैं।
ईशा चौहान ने प्रशासन से मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि न्याय तभी संभव है जब जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाए, न कि किसी के दबाव या राजनीतिक प्रभाव में। फिलहाल उनके प्रार्थना पत्र को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
