देवल संवाददाता,सिकंदरपुर तहसील सभागार में आगामी 28 जून से प्रस्तावित राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक तहसील स्तरीय टास्क फोर्स बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर ऋषिकांत राजवंशी ने की।
उप जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पल्स पोलियो अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ चलाया जाए, ताकि पांच वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे।
राजवंशी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को घर-घर संपर्क कर लोगों को पोलियो की दवा पिलाने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही, व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अभिभावकों को अभियान से जुड़ने की अपील की गई।
बैठक में विकासखंड पंदह एवं नवानगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, बीपीएम, बीसीपीएम, एआरओ और डब्ल्यूएचओ मॉनिटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान किसी भी बच्चे के छूटने न पाए, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
