देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के बनेका पूरा (राउतमऊ) गांव निवासी लालती देवी ने थानाध्यक्ष जहानागंज को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बहू के दो बच्चों के साथ घर से लापता होने की सूचना दी है। उन्होंने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। लालती देवी का आरोप है कि उनकी बहू गुड्डी देवी पत्नी संजय चौहान 2 मई 2026 की सुबह लगभग 8 बजे अपने पुत्र जताऊ और पुत्री स्नेहा को साथ लेकर घर से चली गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस संबंध में उन्होंने थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी है। प्रार्थना पत्र में लालती देवी ने बहू पर परिवार के साथ विवाद करने, मारपीट और झगड़ा करने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू का आचरण ठीक नहीं था और वह उनके पुत्र संजय चौहान को जान से मरवाने की धमकी भी देती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहू द्वारा लिए गए कुछ ऋणों के कारण संबंधित लोग उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं और घर पर ताला लगाने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने बहू के संपर्क में संदिग्ध लोगों के आने-जाने की बात भी कही है। लालती देवी ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
