भारतीय टी20 टीम इस समय आयरलैंड के दौरे पर है जहां उसे दो मैचों की सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया इस सीरीज में नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेगी। लंबे समय बाद अय्यर की टी20 टीम में वापसी हुई है और वो भी सीधे कप्तान के तौर पर है। आते ही अय्यर ने अपने शब्दों से टीम में जान फूंकनी शुरू कर दी है।
टीम इंडिया को अपना पहला मैच आज बेलफास्ट में खेलना है और इससे पहले अय्यर ने बतौर कप्तान अपनी स्पीच दी और बताया कि वह किस तरह की टीम तैयार करना चाहते हैं।
शेर की तरह खेलो
अय्यर ने कहा है कि वह एक ऐसी टीम तैयार करना चाहते हैं जो एक-दूसरे का साथ दे। मुश्किल दौर में एक-दूसरे के काम आए। अय्यर ने साथ ही कहा कि वह चाहते हैं कि मैदान पर टीम के खिलाड़ी शेर की तरह खेलें।
बीसीसीआई की वेबसाइट पर जारी एक वीडियो में अय्यर ने कहा, "कोशिश करते हैं और मजबूत कल्चर बनाने की। मैं पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करने जा रहा हूं और निश्चित तौर पर ये मेरे लिए गर्व की बात है। मैं एक ऐसा कल्चर बनाना चाहता हूं जहां हम सभी एक दूसरे की मदद करें, मुसीबत में एक-दूसरे का साथ दें और सबसे ज्यादा अहम कि जब हम मैदान पर जाएं तो जितना हो सके मैच का लुत्फ लें।"
उन्होंने कहा, "ये शानदार मौका है और ये एक परिवार है। शेर की तरह खेलो और हर मैच को इस तरह से लो की हम इसे जीतने वाले हैं। अपनी काबिलियत के हिसाब से बेस्ट दो। ऐसा वातावरण बनाओ जिसमें हम एक-दूसरे को आगे बढ़ाने में मदद कर सकें।"
वैभव सूर्यवंशी पर है फोकस
भारतीय टीम में मैच से पहले जमकर अभ्यास किया। अय्यर चाहेंगे कि उनकी कप्तानी में टीम जीत के साथ शुरुआत करे। इस बीच सभी की नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर हैं। वैभव आयरलैंड के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। उन्होंने नेट्स पर जमकर बल्लेबाजी भी की और गेंदबाजी में भी हाथ आजमाए।
