देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का विवरण उपलब्ध कराने तथा शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र में बीटीसी प्रशिक्षुओं की सेवाएं नियमानुसार प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापन कार्य के लिए लेने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्राम सचिवालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित की जाए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो। वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने, पहाड़ी क्षेत्रों में सीड बॉल तकनीक अपनाने तथा छायादार एवं फलदार पौधों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा और संरक्षण की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन को अनुसूचित जनजाति वर्ग की युवतियों से विवाह कर भूमि हड़पने संबंधी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने भरोसा दिलाया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एसपी अभिषेक वर्मा, सीडीओ जागृति अवस्थी, एएसपी अनिल कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)