देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच देखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने सहभागिता की।
प्रदेश स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित हो रहे छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का श्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, संस्कार और नवाचार को अपनाकर जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनके मार्गदर्शन और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि सफलता का मार्ग चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन जो विद्यार्थी दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ते हैं, वही इतिहास रचते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया। राज्य मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्टता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। समारोह ने विद्यार्थियों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करने के साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। मौके पर अनिल कुमार मौर्य, अभिषेक वर्मा, जागृति अवस्थी, जीत सिंह खरवार, नंदलाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, मेधावी विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
.jpg)