देवल संवाददाता, बलिया के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास भवन रोड स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर सोमवार को ड्रग विभाग ने औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने केंद्र पर बेची जा रही 28 प्रकार की अन्य कंपनियों की दवाएं जब्त कीं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पर मिली एक शिकायत के बाद की गई। शिकायत में बताया गया था कि जन औषधि केंद्र पर प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत मिलने वाली दवाओं के अतिरिक्त सामान्य दुकानों पर बेची जाने वाली जेनेरिक दवाएं भी बेची जा रही हैं।
डिस्ट्रिक्ट ड्रग इंस्पेक्टर रजत पाण्डेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि यहां 28 प्रकार की जेनेरिक औषधियां, जो प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के दायरे से बाहर थीं, उन्हें अभिरक्षा में लिया गया है।
रजत पाण्डेय के अनुसार, केंद्र संचालक से दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। संचालक ने आपसी समझौते की बात कही, लेकिन कोई भी वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। यह भी जानकारी मिली है कि जन औषधि केंद्र का लाइसेंस धारक देवरिया का निवासी है।
