देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद की सभी नगर पंचायतों एवं नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में सोमवार को स्वच्छता अभियान के दूसरे दिन व्यापक स्तर पर नालों और नालियों की सफाई कराई गई। अभियान का उद्देश्य आगामी बरसात के मौसम
में जलभराव की समस्या को रोकना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत सफाई कर्मियों ने विभिन्न नगर निकायों में प्रमुख नालों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों एवं जल निकासी मार्गों की विशेष साफ-सफाई की। कई स्थानों पर लंबे समय से जमा गाद, कूड़ा-कचरा एवं अवरोधों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने का कार्य किया गया। प्रशासन द्वारा अभियान की नियमित निगरानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा अभियान को लगातार गति प्रदान की जाए, ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि स्वच्छता जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। नगर निकायों को साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाते हुए नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होंने आमजन से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। स्वच्छता अभियान के दौरान संबंधित नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षक एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpg)