देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। चोपन थाना पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। कार्रवाई में करीब 58.75 लाख रुपए मूल्य की अफीम और डोडा, एक कार तथा अवैध असलहा बरामद किया गया। मुठभेड़ में एक तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो तस्करों ने कई बार पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब हो जाने पर स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अपनी निजी कार उपलब्ध कराकर पुलिस टीम की सहायता की। इसके बाद पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के विरंजुआ के पास घेराबंदी कर दी। घिरते देख तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए रास्ते में नोटों की गड्डियां फेंकीं, लेकिन पुलिस ने पीछा जारी रखा। बाद में आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर प्रिंस उम्र 27 वर्ष पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी लुधियाना, पंजाब के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि वह मादक पदार्थ डाल्टनगंज से खरीदकर पंजाब के लुधियाना ले जा रहा था और इसी कारोबार से आजीविका चलाता था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तीन किलोग्राम अफीम, 225 किलोग्राम डोडा, एक होंडा सिटी कार, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 58.75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, आर्मस एक्ट तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं साहस और तत्परता दिखाने वाले स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल को पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपए नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
.jpg)