देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर क्षेत्र में कोटा से खड़िया बाजार तक जाने वाली एनटीपीसी की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली की इंतिहा पर पहुंच चुकी है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश के बाद उनमें भरा पानी इस सड़क को आम लोगों के लिए जानलेवा बना रहा है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करना पड़ रहा है।
यह सड़क एनटीपीसी परियोजना के साथ-साथ आसपास के गांवों, बाजारों और शिक्षण संस्थानों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन इस रास्ते से भारी ट्रक, हाईवा, डंपर और अन्य मालवाहक वाहन गुजरते हैं। वहीं सड़क किनारे स्थित विद्यालयों में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से पैदल, साइकिल और अन्य वाहनों से आवागमन करते हैं। ऐसे में अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और मिट्टी फैल गई है, जिससे पूरा मार्ग फिसलन भरा हो गया है। गड्डों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। कई बार वाहन चालक गड्डों से बचने के प्रयास में संतुलन खो देते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क की बदहाली को लेकर कई बार समाचार प्रकाशित किए जा चुके हैं, लेकिन एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि केवल आश्वासन दिए जाते हैं, जबकि मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया जा रहा। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, एनटीपीसी प्रबंधन और संबंधित विभाग से मांग की है कि कोटा से खड़िया बाजार तक की सड़क का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
.jpg)