टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करने पर मोबाइल वेटरिनरी यूनिट पहुंचेगी द्वार तक
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने पशुपालकों को उनके द्वार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पशुचिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1962 के माध्यम से संचालित मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (MVU) को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को शासन के नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप MVU सेवाओं को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अब जनपद में संचालित सभी मोबाइल वेटरिनरी यूनिट वाहनों का उपयोग पूर्ण रूप से आकस्मिक पशुचिकित्सा सेवाओं के लिए ही किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मोबाइल वेटरिनरी यूनिट प्रतिदिन पूर्व निर्धारित गांवों में पहुंचकर शिविर आयोजित करेगी। इन शिविरों में पशु चिकित्सा, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, रोग नियंत्रण तथा विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। टोल फ्री नंबर 1962 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और कॉलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक इमरजेंसी रूट पर उपलब्ध रहेगी। शाम 5 बजे के बाद प्राप्त कॉलों का यथासंभव निस्तारण शाम 8 बजे तक टेलीमेडिसिन के माध्यम से तथा अगले कार्य दिवस पर प्राथमिकता से किया जाएगा। ईशा प्रिया ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी व संबंधित अधिकारियों को MVU के सुचारु संचालन, क्षेत्रवार आवंटन और सेवाओं की सतत निगरानी के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से पशुपालकों को अधिकतम लाभ मिलेगा और पशुधन संरक्षण एवं संवर्धन के शासन के उद्देश्य को प्रभावी रूप से साकार किया जा सकेगा।यह पहल प्रदेश सरकार की पशुपालक हितैषी नीतियों का हिस्सा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
