आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में अवैध तंबाकू उत्पादों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध दोहरा निर्माण और बिक्री के धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग दो कुंतल तैयार दोहरा बरामद किया है। मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग को भी जांच के लिए शामिल किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि अपराध एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के शकरमंडी मोहल्ले में एक दुकान के भीतर अवैध रूप से दोहरा तैयार कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध दोहरा बनाते और बेचते हुए दो सगे भाइयों पवन साहू एवं विवेक साहू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी मस्जिद मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में तैयार दोहरा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन करीब दो कुंतल बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि दोहरा का निर्माण बिना किसी वैध अनुमति और निर्धारित मानकों का पालन किए किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तैयार माल की आपूर्ति शहर के विभिन्न हिस्सों के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी की जा रही थी।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं बरामद सामग्री का नमूना खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच के लिए भेजा गया है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि उत्पाद में इस्तेमाल सामग्री मानव स्वास्थ्य के लिए कितनी हानिकारक है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में अन्य धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की जा सकती है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध तंबाकू उत्पादों के निर्माण और बिक्री में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
