आमिर, देवल ब्यूरो ,मड़ियाहूँ जौनपुर मडियाहूं तहसील क्षेत्र के रामनगर ब्लॉक अंतर्गत नेवढ़िया ग्रामसभा में लंबे समय से जर्जर पड़े चकरोट मार्ग के खड़ंजे की मरम्मत का कार्य समाजसेवी अमृत लाल पटेल की पहल पर शुरू करा दिया गया। मार्ग पर लगे खड़ंजे कई स्थानों पर उखड़ गए थे, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
ग्रामीणों ने पहले इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान सरोजा देवी से संपर्क किया और खड़ंजे की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान ने ग्राम निधि में धनराशि उपलब्ध न होने की बात कहकर कार्य को फिलहाल टाल दिया। इसके बाद गांव के लोगों ने समाजसेवी अमृत लाल पटेल से इस संबंध में चर्चा की और मार्ग की समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों की समस्या सुनते ही अमृत लाल पटेल ने तत्काल सहयोग का आश्वासन दिया। अगले ही दिन आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर खड़ंजा मरम्मत कार्य प्रारंभ करा दिया गया। जहां सड़क पर जल निकासी की समस्या थी और पुलिया की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वहां नई पुलिया भी डलवाई गई। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त खड़ंजों को ठीक कर मार्ग को सुगम बनाने का कार्य किया गया।
मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव के राजू दूबे, विनोद दूबे, कल्लू सरोज, ललन दूबे, शैलेश, लालबहादुर यादव, भाऊनाथ गौतम, मुन्ना सरोज, रामजीत सहित अनेक ग्रामीणों ने समाजसेवी अमृत लाल पटेल के इस जनहितकारी कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से आवागमन की समस्या दूर होगी और गांव के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
.jpeg)