आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पवन कुमार का स्थानांतरण होने पर मंगलवार को नगर पालिका सभागार में भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई सभासद और कर्मचारी भावुक नजर आए। ढाई वर्षों तक नगर पालिका में अपनी सेवाएं देने वाले ईओ पवन कुमार को विदाई देते समय सभासदों की आंखें नम हो गईं और सभी ने उनके कार्यकाल की सराहना की।
विदाई समारोह में नगर पालिका के कर्मचारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में सभासद मौजूद रहे। वक्ताओं ने पवन कुमार के कार्यों, प्रशासनिक क्षमता और विकास कार्यों में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कई सभासदों ने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर पालिका के विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने गंभीरता से प्रयास किया।
हालांकि समारोह के दौरान एक बात लगातार चर्चा का विषय बनी रही। नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य की अनुपस्थिति को लेकर सभागार में मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों की निगाहें अध्यक्ष की ओर लगी रहीं, लेकिन वह समारोह में नहीं पहुंचीं।
नगर पालिका में करीब ढाई वर्ष तक अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष के बीच प्रशासनिक कार्यों के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ऐसे में ईओ के विदाई समारोह में अध्यक्ष की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों के बीच यह चर्चा रही कि आखिर ऐसा कौन सा कारण रहा, जिसकी वजह से नगर पालिका अध्यक्ष अपने कार्यकाल के दौरान साथ काम कर चुके अधिकारी की विदाई में शामिल नहीं हो सकीं।
हालांकि अध्यक्ष की अनुपस्थिति के पीछे क्या वजह रही, इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन नगर पालिका के गलियारों में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बना रहा। कई लोगों का मानना है कि अध्यक्ष की मौजूदगी कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना सकती थी।
फिलहाल ईओ पवन कुमार को भावभीनी विदाई देकर कर्मचारियों और सभासदों ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया, वहीं अध्यक्ष की गैरहाजिरी को लेकर उठे सवालों का जवाब लोग अब भी तलाश रहे हैं।
