आमिर, देवल ब्यूरो ,बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेलवे विभाग की ओर से बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए रेलवे प्रशासन ने हरपालगंज (सिंगरामऊ) रेलवे स्टेशन पर मेमो ट्रेन तथा सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर शटल ट्रेन के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने गत 20 मई 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार तथा दोनों स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई थी। उस दौरान रेल मंत्री ने जनहित को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब मात्र कुछ ही दिनों में मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
विधायक ने कहा कि हरपालगंज और सरायहरखू स्टेशन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र हैं। ट्रेनों के ठहराव की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों तथा दैनिक यात्रियों को यात्रा के लिए दूर-दराज के स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रही थी। रेलवे मंत्रालय द्वारा इस मांग को स्वीकार किया जाना बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेल सुविधाओं में वृद्धि से स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेलवे मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए भविष्य में भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति की सूचना मिलते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
.jpeg)