आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के टीडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी को दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। आधार कार्ड और बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान पहचान में गड़बड़ी सामने आने पर परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 को टीजीटी परीक्षा टीडी कॉलेज, जौनपुर में आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान चेकिंग में एक अभ्यर्थी के आधार कार्ड एवं बायोमैट्रिक विवरण का मिलान नहीं हुआ। जांच में पता चला कि परीक्षा दे रहा व्यक्ति वास्तविक अभ्यर्थी नहीं है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राबेन्द्र प्रसाद पुत्र रामलाल निवासी नगर पंचायत कोराव, थाना कोराव, जनपद प्रयागराज बताया। उसने स्वीकार किया कि वह आशीष कुमार पुत्र मदन प्रसाद निवासी अद्री इंदारा, जनपद मऊ के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर कुंवर बहादुर यादव ने थाना लाइन बाजार में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित परीक्षा माफिया गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा इस पूरे षड्यंत्र में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना लाइन बाजार के उपनिरीक्षक अरविंद यादव एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
