आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अराजक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुरेरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर मारपीट, झगड़ा, गाली-गलौज और धमकी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थाना सुरेरी पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समूह बनाकर विवादित गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं तथा क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नितेश पटेल पुत्र विजय बहादुर पटेल निवासी भानपुर तथा दीपक चौहान पुत्र हीरेन्द्र चौहान निवासी कठवतिया, थाना सुरेरी को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं जांच के बाद दोनों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान संबंधित न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अशांति फैलाने, धमकी देने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह कार्रवाई थाना सुरेरी में तैनात उपनिरीक्षक लाल मोहर राम के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें अन्य पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
